ग्वालियर में एक्यूआई लगातार 300 के पार, ऐसा ही रहा तो केंद्र से ननि से कम मिलेगा फंड
ग्वालियर. वायु प्रदूषण का स्तर तमाम प्रयासों के बाद भी घटने की जगह बढ़ता जा रहा है। वर्तमान में वायु प्रदूषण के स्तर की निगरानी चार स्टेशनों के माध्यम से की जा रही है। बीते एक माह के आंकड़ों पर नजर डालें तो एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) का औसतन आंकड़ा 200 से ज्यादा है। जिसे बुरे दिनों (बेड डेज) की श्रेणी में रखा जाता है। पिछले वित्तीय वर्ष में गुड और बेड डेज में केवल 8 दिन का अंतर था। इसके चलते केंद्र सरकार से मिलने वाली अनुदान राशि में से 45 करोड़ रुपए काट लिए गए थे। जबकि मिलने 51 करोड़ रुपए थे। ऐसे में यदि इस वित्तीय वर्ष में भी प्रदूषण का स्तर ज्यादा रहा तो ग्वालियर नगर निगम को मिलने वाली राशि में कटौती होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यहां बता दें कि नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत केंद्र सरकार की पहल पर नॉन-अटेनमेंट शहरों को अनुदान राशि दी जाती है। इसी क्रम में ग्वालियर नगर निगम को भी राशि मिलती है।
ये रही 4 स्टेशनों की स्थिति
डीडी नगर: यहां बीते दस दिनों से ही मॉनिटरिंग का काम शुरू हुआ है। यहां लगातार दस दिनों से एक्यूआई 200 से ज्यादा है।
महाराज बाड़ा: यहां 38 दिनों का रिकॉर्ड उपलब्ध हैं। यहां केवल 5 दिन एक्यूआई 200 से कम यानी कि गुड डेज वाली स्थिति रही। शेष 33 दिन एक्यूआई 200 से ज्यादा रहा। इसे बेड डेज की श्रेणी में माना जाएगा।
सिटी सेंटर: यहां 242 दिन एक्यूआई 200 से कम रहा, जबकि 58 दिन 200 से ज्यादा रहा।
फूलबाग: इस क्षेत्र में 58 दिन गुड डेज की श्रेणी के रहे, जबकि 7 दिन बेड डेज की श्रेणी में।

