ग्वालियर के व्यापारी को बिहार की फर्म ने तिली के तेल की ऑनलाइन बुकिंग कर 68 लाख की चपत लगाई
ग्वालियर. शहर के तेल कारोबारी को बिहार की फर्म ने तिली के तेल की ऑनलाइन बुकिंग कर 68 लाख रुपए की चपत लगा दी। बिहार के व्यापारी ने 1.04 करोड़ रुपए का तेल मंगाया इसके लिए 36 लाख रुपए एडवांस भी दिए लेकिन अब बकाया मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। हैरानी वाली बात यह है कि ये दोनों व्यापारी एक बार भी आपस में नहीं मिली थे। घटना गिरवाई स्थित जयलक्ष्मी इंडस्ट्रीज की है। परेशान होकर व्यापारी ने गिरवाई थाने में शिकायत की है।
गिरवाई थाना क्षेत्र में एबी रोड स्थित फर्म जयलक्ष्मी इंडस्ट्रीज में तिली तेल का कारोबार किया जाता है। फर्म के संचालक गंधर्व सिंह राणा है इनसे बिहार के कटिहार स्थित फर्म मैसर्स काली ट्रेडिंग कंपनी कुछ समय से कारोबार कर रही थी। काली ट्रेडिंग फर्म अंजलि देवी पोद्दार के नाम पर है लेकिन फर्म का पूरा काम अंजलि के पति चितरंजन पोद्दार व उनके बेटे राजीव और रवि करते है। दोनों फर्म के बीच पूरा व्यवहार और लेनदेन ऑनलाइन ही शुरू हुआ था। धीरे-धीरे विश्वास बन गया, पिता व दोनों बेटों ने पहले तो जयलक्ष्मी इंडस्ट्रीज के मालिक गंधर्व सिंह राणा के साथ कुद डील कर विश्वास जीता। पिछले महीने इन्होंने गंधर्व सिंह से तिली के तेल के 5 टैंकर मंगाए थे।
जान से मारने की धमकी दी
कुछ भुगतान एडवासं दिया और 68 लाख रुपए बाद में देना तय हुआ, तेल की कुल कीमत 1 करोड़ 4 लाख रुपए थी। आखिर में पेमेंट की बारी आई तो बिहार की फर्म के संचालकों ने भुगतान नहीं किया। जब भी भुगतान करने के लिए कहा जाता तो वह टाल देते थे। व्यापारी ने जब दबाव बनाया तो बिहार की फर्म ने भुगान करने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। संचालक को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो उन्होंने थाने जाकर चार लोगों के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पर बिहार की फर्म के चारों संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

