गोवा में मुख्यमंत्री पद पर रार
गोवा. भाजपा का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इस सवाल का जवाब मतगणना के दो दिन बाद भी केंद्रीय प्रबंधन की तरफ से स्पष्ट नहीं किया गया है। इस बीच शनिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता विश्वजीत राणे के अचानक गोवा के गवर्नर पीएस श्रीधरन पिल्लई से मिलने के लिए पहुंचने पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस चर्चा के बीच ही मौजूदा सीएम प्रमोद सावंत ने अपना दावा मजबूत करने के लिए विजयी विधायकों के साथ इमरजेंसी मीटिंग की है। एक होटल में की गई इस मीटिंग में भाजपा के जीतने वाले 20 में से 17 विधायक शामिल हुए हैं।
पर्रिकर के निधन के बाद दावेदारों में थे राणे
मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद राणे भी गोवा में भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शुमार थे। हालांकि उन्होंने बाद में गवर्नर से मीटिंग को महज निजी मुलाकात बताते हुए खुद को भाजपा का अनुशासित सैनिक बताकर अटकलों को खत्म करने की कोशिश भी की। उन्होंने कहा, महामहिम के साथ मेरी निजी मुलाकात थी। मैं उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में आने के लिए आमंत्रित करने और अपनी जीत पर उनका आशीर्वाद लेने गया था। कुछ भी राजनीतिक नहीं था। उन्होंने इस मुलाकात का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। हालांकि राणे की सफाई के बावजूद भाजपा के सूत्रों ने अंदरखाने कुछ चलने के संकेत दिए हैं।

