गैस एजेंसी के हॉकर छीने रूपये और मोबाइल, नकाबपोशों ने रोककर मारपीट करने के बाद की लूटपाट
ग्वालियर. गैस सिलेण्डर की डिलेवरी कर लौट रहे हॉकर को 3 नकाबपोशों ने लूट लिया। बदमाश मोबाइल और 10 हजार रूपये छीन ले गये। घटना उटीला थाना क्षेत्र के बंधा गांव में मंगलवार की शाम की है। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गये तो पीडि़त थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की है। पुलिस ने जांच करने के बाद बुधवार की दोपहर मामला दर्ज किया है।
क्या है घटनाक्रम
शहर के सिरोल स्थित हुरावली निवासी 46 वर्षीय बंटी पाल एक गैस एजेंसी पर हॉकर है। टिहोली स्थित तानसेन गैस एजेंसी के सिलेंडर मुरार और आस-पास के गांवों में डिलीवर करता है। मंगलवार देर शाम रोज की तरह वह खाली सिलेंडर और पैसे जमा करने के लिए टिहोली गैस एजेंसी पर गया था। जिस समय वह टिहोली पहुंचा, एजेंसी बंद हो चुकी थी। एजेंसी बंद देखकर वह वापस आने लगा। अभी बंधा गांव में हनुमान मंदिर के पास पहुंचा ही था कि उसकी गाड़ी खराब हो गई। वह गाड़ी का बोनट खोलकर क्या खराबी आई है, यह देख रहा था, तभी तीन नकाबपोश आए और उसके साथ मारपीट कर दी। जेब में रखे करीब दस हजार रुपए और उसका मोबाइल छीन ले गए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस को पहले कहानी गड़बड़ लगी। लेकिन जब पुलिस ने छानबीन की तो पता लगा कि पीडि़त की बात में सच्चाई है। इसके बाद बुधवार को पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पुराने बदमाशों से पूछताछ के साथ ही इस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हे।
पुलिस का कहना
उटीला थाना प्रभारी शिवम राजावत का कहना है कि एक हॉकर से बदमाशों ने लूट की है। मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

