गांजे की होम डिलीवरी के मामले में पुलिस को जवाब देने से कतरा रहे अमेजन के अफसर, नहीं कर रहे सपोर्ट, ग्वालियर समेत कई शहरों में अपना जाल फैलाया
भिंड. देश के अलग-अलग शहरों में ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के माध्यम से होने वाली गांजे की होम डिलीवरी का बीते शनिवार को भिंड पुलिस ने खुलासा किया, अब इस मामले में पुलिस अभी तक तीन लोगों को पकड़ चुकी है। इस मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस की लगातार विवेचना जारी है लेकिन अमेजन के अफसरों द्वारा पुलिस की जांच में सपोर्ट नहीं किया जा रहा है। अब भिंड पुलिस भी अमेजन के खिलाफ सख्त कदम उठाने का मूड बना चुकी है। जिले के अफसर ने शासन को इस बारे में लिखा है, बस सरकार की हरी झंडी मिलते ही कार्रवाई हो सकेगी।
गांजे की डिलीवरी कराकर हर महीने लाखों रुपए का व्यापार
जानकारी के अनुसार पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा जिनसे 20 किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी विशाखपट्टनम से गांजे को ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के माध्यम से होम डिलीवरी कराते थे। उन्होंने भिंड के अलावा, ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, बीना, आगरा, झांसी, धौलपुर समेत कई शहरों में अपना जाल फैला रखा है। वे 4 साल से लगातार ई-कॉमर्स कंपनी से गांजे की डिलीवरी कराकर हर महीने लाखों रुपए का व्यापार कर रहे थे। ऑनलाइन डिलीवरी के माध्यम से बेचे जाने वाले हर पार्सल की कीमत का 66 प्रतिशत ई-कॉमर्स कंपनी को मिलता था। इस मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया तो सवालों के घेरे में अमेजन कंपनी भी आ चुकी है।

