खाद्य तेल के दाम घटे, लेकिन नमकीन के दाम में तेजी बरकरार
ग्वालियर. खाद्य तेल, चना दाल व एलपीजी सिलेंडर महंगा होने की दुहाई देकर 5 महीने पहले कारोबारियों ने नमकीन के दाम औसतन 20 से 40 रुपए प्रति किलोग्राम तक बढ़ा दिए थे। वहीं अब सरसों, रिफाइंड व पाम ऑयल में 40 से 70 रुपए तक की गिरावट आने के बाद भी नमकीन के दाम नहीं घटे। इसे लेकर कारोबारियों ने कहा कि नमकीन केवल तेल से नहीं बनता, अन्य कई वस्तुओं की कीमत में उल्लेखनीय कमी नहीं आई। कुछ कारोबारियों ने तो लेवर खर्चा, दुकान का किराया और बिजली बिल के साथ ही नगर निगम द्वारा वसूले जा रहे गारबेज शुल्क का खर्चा भी गिना दिया।
हालांकि कारोबारियों का कहना है कि वे जल्द ही नमकीन की कीमत घटाने पर विचार कर रहे हैं। यह बात और है कि ऐसा होना फिलहाल संभव नजर नहीं आ रहा है। क्योंकि त्योहारी सीजन में नमकीन की खपत में इजाफा हो जाएगा। गौरतलब है कि पांच माह पहले तक सोयाबीन रिफाइंड 170 रुपए, सरसों तेल 166 एवं पाम ऑयल 175 रुपए प्रति किलो ग्राम थोक में था। तब नमकीन की कीमत 160-180 रुपए किलो से बढ़ाकर 180-200 रुपए तक कर दी गई थी। तीनों ही तेल क्रमश: 130, 135 एवं 105 रुपए किलो है। भी नमकीन 200-220 रुपए किलो में ही बिक रहा है। मई माह में 19 किलोग्राम वजनी व्यावसायिक गैस सिंलेडर 2567 रुपए का था, जो अब 2105.50 रुपए का हो गया है।

