खादी को ब्रांड बनाने वाले विनय कुमार सक्सेना दिल्ली के LG बनाए गए
नई दिल्ली. खादी को ब्रांड बनाने वाले विनय कुमार सक्सेना को दिल्ली का नया उप राज्यपाल (LG) नियुक्त किया गया है। वे फिलहाल खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष हैं। सक्सेना अनिल बैजल की जगह लेंगे। बैजल ने 18 मई को ही अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
सक्सेना कॉर्पोरेट वर्ल्ड से आने वाले ऐसे पहले शख्स हैं जिन्हें LG बनाया गया है। अमूमन दिल्ली में उपराज्यपाल के पद पर रिटायर्ड IAS और IPS ही नियुक्त किए जाते रहे हैं। सक्सेना 27 अक्टूबर 2015 से खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कॉर्पोरेट से लेकर एनजीओ क्षेत्र में काम किया। इन्हें कॉर्पोरेट साइंटिस्ट के तौर पर भी जाना जाता है। सक्सेना का जन्म 23 मार्च 1958 को उत्तर प्रदेश में हुआ था। वे कानपुर विश्वविद्यालय के स्टूडेंट रह चुके हैं। इसके अलावा विनय कुमार पायलट भी हैं।
खादी को दिलाई अलग पहचान
विनय कुमार सक्सेना के कार्यकाल में खादी के कारोबार में 248% की बढ़ोतरी हुई। उन्होंने केवल 7 सालों में 40 लाख नए रोजगार दिए। सक्सेना के कार्यकाल के दौरान साल 2021-22 में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग ने 1.15 लाख करोड़ रुपए का कारोबार किया था। उन्होंने खादी को ब्रांड बनाने के लिए कई मार्केटिंग कैंपेन किए। रेमंड, अरविंद, एबीआरएफएल, निफ्ट, ग्लोबस आदि के साथ समझौता भी किया।

