कलेक्टर पहुँचे जोन कार्यालय और महिलाओं को ई-केवायसी करके दिखाई
कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त शहर की विभिन्न बस्तियों में पहुँचे
ग्वालियर “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” का लाभ सभी पात्र महिलाओं को दिलाने के लिये समग्र आईडी एवं आधार मिलान (ई-केवायसी) का काम रात में भी किया जाए। सर्वर पर अधिक दबाव होने की वजह से दिन में ओटीपी आने में देरी हो रही है। रात में यह काम आसानी से किया जा सकता है। शासकीय सेवक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों से अपनी मौजूदगी में ईकेवायसी कराएँ, जिससे लोग स्वत: ही अपने घर पर ई-केवायसी कर सकें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने दिए। कलेक्टर गुरूवार को नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल के साथ ई-केवायसी कार्य का निरीक्षण करने के लिये नगर निगम के जोन कार्यालय और विभिन्न बस्तियों में पहुँचे थे।
काँचमिल स्थित नगर निगम के जोन कार्यालय में श्रीमती कृष्णा शोखावत सहित अन्य महिलाओं की ई-केवायसी करके दिखाई। इसी तरह उन्होंने इस क्षेत्र की अन्य बस्तियों में पहुँचकर महिलाओं व उनके परिजनों को ई-केवायसी के बारे में बताया। साथ ही कहा कि जिन महिलाओं के मोबाइल फोन नंबर आधार से लिंक हैं वे महिलायें अथवा उनके परिजन अपने घर पर ही अपने एंड्रॉयड मोबाइल फोन से आसानी से ई-केवायसी कर सकते हैं। जिनके मोबाइल फोन नम्बर आधार से लिंक नहीं हैं वे महिलायें अपने वार्ड के जोन कार्यालय के माध्यम से ई-केवायसी करा सकती हैं।
घरों के बाहर लिखवाएँ ई-केवायसी होने की जानकारी
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अभियान बतौर घर-घर संपर्क कर ई-केवायसी कराएँ। उन्होंने कहा है जिन घरों की सभी महिलाओं के ई-केवायसी किए जा चुके हैं उन घरों के बाहर ई-केवायसी होने की जानकारी प्रदर्शित कराएँ।

