ऑनलाइन लोन ऐप से ब्लैकमेलिंग का खौफनाक खुलासा
जयपुर. कोरोना काल में लोगों की नौकरियां चली गई और पैसों की तंगी शुरू हुई तो ऑनलाइन इंस्टेंट लोन ऐप ने ट्रैप करना शुरू कर दिया। राजस्थान में युवाओं ने छोटी-मोटी रकम लोन में क्या ले ली उनकी मान-मर्यादा, यहां तक कि जान पर बन आई। घर की बहू-बेटियों को रेप की धमकियां दी जाने लगीं और उनकी न्यूड तस्वीरें मांगी गईं। रिश्तेदारों को पोर्न वीडियो की लिंक भेजी गईं।
लोन लेने वाले जरूरतमंद लोगों को इतना बदनाम किया गया कि शहर तक छोड़ना पड़ा। कई पीडि़तों ने तो सुसाइड तक की कोशिश की। कई ने घर के गहने तक बेच डाले फिर भी इन डिजिटल सूदखोरों के उत्पीडन से छुटकारा नहीं मिला। पेमेंट में जारा सी देरी होने पर ये एक-एक दिन मे दो-दो सौ कॉल करते हैं। लोन लेने वालों को गालियां तक बकते हैं। धमकियां देते हैं। पुलिस को राजस्थान में ऑनलाइन लोन ऐप से जुड़ी 40 से 50 शिकायतें रोज मिल रही हैं।

