एक्सटेंशन ने बढ़ाई MP बीजेपी नेताओं की धड़कन
भोपाल. हाल ही में बीजेपी की एक बैठक में दिल्ली से आए एक सीनियर पदाधिकारी ने कह दिया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का एक्सटेंशन हो गया है, तो यह समझे कि मध्यप्रदेश में भी आप एक्सटेंशन में है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन बैठक में मौजूद नेता समझ गए कि वह किसके लिए कह रहे हैं और किन्हें संकेत दे रहे हैं।
सुना है कि दिल्ली के नेताजी जिसके लिए कह रहे थे, वह तो समझ गए और खुश भी हैं, लेकिन कुछ नेता असमंजस में हैं। ऐसे ही एक नेता वास्तविकता का पता लगाने के लिए दिल्ली में अपने संपर्कों का उपयोग कर रहे हैं। उन्हें अभी तक सफलता नहीं मिली है। दरअसल, वे इसलिए भी परेशान हैं क्योंकि वह कई जगह कह चुके थे कि मध्यप्रदेश में बदलाव तो होगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बता दें कि नेताजी ‘सरकार’ के करीबी माने जाते हैं, अब उन्हें चिंता इस बात की है कि जिनका एक्सटेंशन हुआ है वे अपनी टीम में बदलाव करेंगे तो उन्हें जगह मिलेगी या नहीं।

