उप्र चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी कांग्रेस – प्रियंका गांधी
लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में यह ऐलान किया। प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा। यह फैसला उन सभी महिलाओं के लिए है, जो चाहती हैं कि उत्तर प्रदेश में बदलाव आए, प्रदेश आगे बढ़े। प्रियंका ने नया नारा भी दिया, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं।’ इससे पहले, प्रियंका ने मंगलवार को योगी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- भाजपा सरकार किसानों पर (नेशनल सिक्योरिटी एक्ट) लगाएगी, किसानों को धमकाएगी, लेकिन किसानों को एमएसपी नहीं देगी। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में किसान 900-1000 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान उठाकर धान बेचने को मजबूर हैं। यह अन्याय है। एमएसपी किसानों का हक है। कांग्रेस पूरी मजबूती से उनके इस हक के लिए लड़ेगी।
प्रियंका ने उप्र के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार के बयान पर पलटवार किया है। सोमवार को लखीमपुर हिंसा को लेकर किसानों ने रेल रोको आंदोलन किया था। इस पर एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा था कि यदि किसी ने कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई होगी। एनएसए भी लगाया जाएगा।

