इंदौर में 9 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी डिजिटल प्रदर्शनी का करेंगे उद्घाटन
भोपाल. मध्य प्रदेश में आठ से 12 जनवरी तक मध्य प्रदेश के इंदौर में देश और दुनिया के विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी। आठ जनवरी से प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन प्रारंभ होगा। नौ जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसमें शामिल होंगे और डिजिटल प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। वहीं, 10 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार वितरित करेंगी। उधर, 11 और 12 जनवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होगी, जिसमें ढाई हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे।
आठ से 12 जनवरी तक होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को आठ से 12 जनवरी तक होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि यह मध्य प्रदेश की ब्रांडिंग का विशिष्ट अवसर है। इसकी तैयारियों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि जनवरी मध्य प्रदेश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट केवल प्रवासी भारतीय विभाग और उद्योग विभाग के ही कार्यक्रम नहीं हैं बल्कि इन्हें सुचारू रूप से संपन्न किए जाने का दायित्व सभी संबंधित विभागों का है।
मुख्य अतिथि गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली
प्रवासी भारतीय दिवस के मुख्य अतिथि गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली होंगे। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं के प्रदर्शन के लिए प्रस्तुतिकरण होंगे। मध्य प्रदेश के पांच व्यक्ति अनुभव भी साझा करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागोें के मंत्री और अधिकारी प्रत्यक्ष और वर्चुअली शामिल हुए।
14 देशों के प्रतिनिधि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में लेंगे भाग
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 14 देशों (कनाडा, जापान, आस्ट्रेलिया, फ्रांस, मारीशस, जिम्बाब्वे, इजराइल, सिंगापुर, फिजी, कोरिया, जाम्बिया, कंबोडिया, तंजानिया और फिनलैंड) के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसकी थीम ‘फ्यूचर रेडी मध्य प्रदेश” रखी गई है। इंदौर में पांच दिवसीय प्रदर्शनी आठ जनवरी से शुरू होगी। पहले दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रमुख उद्योगपति संबोधित करेंगे। ‘एडवांटेज मध्य प्रदेश”विषय पर फिल्म का प्रदर्शन होगा।

