अखिलेश यादव अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, छोटी पार्टियों से गठबंधन करेगी सपा
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वह अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। आजमगढ़ से सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि सपा छोटी पार्टियों से गठबंधन करेगी। राष्ट्रीय लोक दल के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। इससे पहले हरदोई में रविवार को एक रैली में अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो ही काम हैं। एक तो सपा के कामों के नाम बदलना और दूसरा शौचालय बनवाना। उत्तर प्रदेश में सवा चार साल पहले सत्ता गंवाने वाले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव अब अगले साल होने वाले चुनाव में वापसी के लिए बेताब हैं। सपा सूबे तमाम छोटे दलों के साथ मिलकर 2022 के चुनावी मैदान में उतरने की प्लान बनाया है। इसी कड़ी में अखिलेश अपने चाचा शिवपाल यादव की पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने का ऐलान किया। जबकि इससे पहले तक वह अपने चाचा को एडजस्ट करने और पार्टी के विलय का प्रस्ताव दे रहे थे, जिस पर शिवपाल राजी नहीं थे। ऐसे में माना जा रहा है कि सियासी नफा-नुकसान को देखते हुए अखिलेश ने शिवपाल के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का मन बनाया है।
शिवपाल से अखिलेश करेंगे गठबंधन
अखिलेश से पूछा गया कि क्या चाचा शिवपाल को चुनाव से पहले साथ लाने की कोशिश हो रही है क्या उनकी पार्टी भी साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। इस पर अखिलेश ने जवाब देते हुए कहा, शिवपाल यादव की जसवंतनगर सीट पर सपा चुनाव नहीं लड़ेगी। इसके अलावा अगर उनके साथ और कोई है जो राजनीतिक परिस्थितियों के साथ कहीं लड़ सकता है तो सपा विचार करेगी। प्रदेश के जितने भी छोटे दल हैं उनको साथ लेकर सपा चलेगी। उनका (शिवपाल) भी दल है और उस दल को भी साथ लेगी।

