अंबाला के बाद राफेल की दूसरी स्क्वाड्रन बंगाल के हाशिमारा बेस पर तैनात होगी
नई दिल्ली. हरयिाणा के अंबाला के बाद अब पश्चिम बंगाल के हाशिमारा बेस पर राफेल की दूसरी स्क्वाड्रन तैनात होगी, वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार इसी साल अप्रैल महीने तक इसका काम पूरा कर लिया जाएगा। फ्रांस में पायलटों की ट्रेनिंग भी लगभग उसी समय पूरी होगी। हाशिमारा बेस उत्तर बंगाल में चीन-भूटान ट्राइजंक्शन के करीब है।
भारत ने फ्रांस के साथ 2016 में 59 हजार करोड़ रुपए में 36 राफेल जेट की डील की थी। इनमें 30 फाइटर जेट और 6 ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट होंगे। ट्रेनर जेट्स टू सीटर होंगे और इनमें भी फाइटर जेट जैसे सभी फीचर होंगे। भारत को जुलाई के आखिर में 5 राफेल फाइटर जेट्स का पहला बैच मिला। 27 जुलाई को 7 भारतीय पायलट्स ने राफेल लेकर फ्रांस से उड़ान भरी और 7000 किमी का सफर तक कर 29 जुलाई को भारत पहुंचे थे। 2019 में दशहरे पर राफेल भारत को सौंपे गए थे तब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस में हिंदू रीति रिवाज से शस्त्र पूजा करते हुए राफेल पर ओम बनाकर नारियल चढ़ाया और धागा बांधा था। इस पूजा पर विपक्ष ने सवाल खड़े किए थे।

