सीमा विवाद को लेकर चीन के धोखे की एक और सैटेलाइट तस्वीर सामने आई, पैंगोंग झील के पास डटी है चीनी सेना
बीजिंग. सीमा विवाद को लेकर चीन के धोखे की एक और तस्वीर सामने आई है। ताजा सैटेलाइट तस्वीरों में पता चला है कि चीनी सेना विवाद वाले स्थान से ज्यादा पीछे नहीं है जिसका मतलब है कि चीन कभी भी पुरानी कहानी दोहरा सकता है। करीब 6 महीने पहले भारत-चीन के बीच पैंगोंग झील इलाके से सेना को पीछे हटाने और गश्त नहीं लगाने पर सहमति बनी थी, इसके बाद चीन ने सेना को पैंगोंग झील के फिंगर 4 से हटाकर फिंगर 8 के पीछे तैनात कर दिया था। अब सैटेलाइट इमेज से खुलासा हुआ है कि चीनी सेना विवाद वाले पॉइंट के ठीक पास मौजूद है।
ओपन इंटेलिजेंस सोर्स की रिपोर्ट के अनुसार चीन ने भारी तादात में सैनिकों को पैंगोंग त्सो झील के पास वाले इलाके में तैनात कर रखा है जिससे पता चलता है कि बीजिंग सीमा विवाद खत्म करने के मूड में नहीं है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का यह ठिकाना गश्त नहीं लगाने को लेकर हुए समझौता स्थाल से मात्र कुछ ही दूरी पर है।
जानकारी के अनुसार यह भी बताया गया है कि चीन ने यरकांट एयरपोर्ट का संचालन फिर से शुरू कर दिया है, जिसका मकसद पूर्वी लद्दाख में भारतीय एयरफोर्स को काउंटर करना है। एक अन्य रिपोर्ट की मानें तो चीन ने गलवान हिंसा के दौरान तैनात सैनिकों की संख्या से 15 हजार ज्यादा जवानों को इस बार तैनात किया हुआ है। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने पिछले कुछ महीनों में धीरे-धीरे जवानों की उपस्थिति को बढ़ाकर 50 हजार से ज्यादा कर दिया है।

