सिटी सेंटर फॉरर्च्यून प्लाजा पर ज्वाइंट डायरेक्टर महिला बाल विकास की कार ने तेज रफ्तार से पार्किंग में खड़ी कारों को रौंदा
ग्वालियर. ग्वालियर में एक तेज रफ्तार कार ने पार्किंग में खड़ी दो अन्य कारों में टक्कर मार दी, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई किस्मत से घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था। टक्कर मारने वाली कार ज्वाइंट डायरेक्टर महिला बाल विकास सीमा शर्मा की है, घटना के समय वह कार में ही सवार थी। घटना रविवार शाम एसपी ऑफिस के पास की है। घटन के बाद मौके पर लोगों ने ज्वाइंट डायरेक्टर को घेर लिया और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची। अधिकारी को वहां से निकाला और ज्वाइंट डायरेक्टर की कार के चालक प्रस्त पाठक ने गाडी चलाते समय अचानक खांसी आने और आंखों के सामने अंधेरा छा जाने के कारण हादसा होना बताया है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई कर रहे है।
शहर निवासी विशाल गुप्ता अपनी कार एमपी07 सीएस-0687 से सिटी सेंटर फॉरर्च्यून प्लाजा में पिज्जा लेने आए थे उनकी ही तरह कुलदीप सिंह चौहान भी पिज्जा लेने आए थे। दोनों के पास बलेनो कार थी। दोनों ने अपनी कार एसपी ऑफिस के पास रीजनल फोरेंसिक लैब के बाहर पार्क की थी। अभी वह अंदर गए ही थे कि तभी बाहर से तेज धमाके जैसी आवाज आई। बाहर आकर देखा तो एक इनोवा कार ने उनकी कारों में टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने बताया कि घटना के समय इनोवा कार काफी तेज थी। टक्कर मारने वाली कार महिला बाल विकास विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर सीमा शर्मा की है। कार उनका चालक प्रस्त पाठक चला रहा था। घटना के बाद जब कार मालिकों ने टक्कर मारने वाली गाड़ी को घेरा तो सीमा शर्मा ने पुलिस को कॉल कर दिया। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ज्वाइंट डायरेक्टर सीमा शर्मा को वहां से बाहर निकाला और टक्कर मारने वाली गाड़ी को गिरानी में ले लिया।
चालक बोला खांसी के बाद अंधेरा छा गया
घटन के बाद टक्कर मारने वाली कार के चालक प्रस्त पाठक से बात की तो उनका कहना था कि कार में ज्वाइंट डायरेक्टर सीमा शर्मा पीछे बैठी थी। मैं गाड़ी चला रहा था अचानक मुझे खांसी आई और आंखों के सामने अंधेरा छा गया इसके बाद कुछ याद नहीं है, मैडम ने मुझे उठाया, मेरी गलती से हादसा हुआ है।

