सिंधिया के रोड शो में भीड़ इकट्ठी करने के लिए जमीन के पट्टे की चाह में सुबह से रात तक भूखी प्यासी खड़ी रही महिलाएं, पूर्व विधायक यही वादा कर लाए थे कई लोगों को
ग्वालियर. केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के रोड शो में भीड़ जुटाने और उसे सफल बनाने के लिए सिंधिया समर्थकों ने काफी मेहनत की है। फूलबाग चौराहा पर खड़ी कुछ महिलाओं ने पूर्व विधायक व सिंधिया समर्थक मुन्नालाल गोयल पर मकान के लिए पट्टा दिलाने का लालच देकर रोड शो में लाने का आरोप लगाया। महिलाओं का कहना था कि मुन्नालाल गोयल ने बोला था कि सारे बड़े-बड़े नेता आ रहे है सिंधिया वहीं पट्टे बांटेंगे। गरीब महिलाएं और उनके परिवार के सदस्य भूखे प्यासे दिन भर बसों में बैठे रहे। जब सिंधिया आए तो पल भर में वहां से निकल गए जिससे लोग गुस्सा थे। महिलाओं का कहना था कि पूर्व विधायक ने हमसे झूठ बोला। यह गरीबों का मजाक बनाने जैास है जबकि रोड शो के चलते पूर्व विधायक से इस मसले पर बात नहीं हो पाई।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के रोड शा में पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के साथ आए कुछ लोगों ने बड़ा खुलासा किया है। फूलबाग पर बसों में सवार होकर बैठीं महिलाओं से जब पूछा गया कि वह किस लिए आई हैं। तो उन्होंने बताया कि उनको मुन्नालाल गोयल लेकर आए हैं। सुबह 11 बजे से घर से निकली हैं रात के 8 बज गए हैं। न तो कुछ खाया है न ही कुछ पीने को मिला है। दिन भर में बस एक-एक पानी का पाउच मिला था।
महिलाओं के साथ कुछ पुरुष भी थे। उन्होंने बताया कि मुरार के सिरोल में डोंगरपुर, फूटी बैरक, फूटी पार्क व आसपास के इलाकाें से मजदूर व गरीब परिवारों को यह कहा गया था कि उनको आज ज्योतिरादित्य सिंधिया जमीन के पट्टे बांटेंगे, लेकिन यहां तो ऐसा कुछ नहीं हुआ। हम अपने बच्चों को घर पर भूखा प्यासा छोड़कर आए हैं।
दिन भर बैठाए रखा कुछ खाने को भी नहीं दिया
पूर्व विधायक गोयल लोगाें को ले भी आए, लेकिन उनके खाने का इंतजाम नहीं था। सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक उनको खाने के लिए कुछ नहीं मिला। वह भूखे प्यासे बैठे रहे हैं। दिन में एक बार पानी के पाउच जरूर आए थे। वह भी एक-एक पाउच दिया गया था। लोग इसलिए भी ज्यादा गुस्सा थे कि उनको खाने के लिए भी कुछ नहीं दिया गया।

