राजस्थान में बुलेट ट्रेन चलेगी, दिल्ली-अहमदाबाद रूट पर प्रदेश के 7 जिलों से गुजरेगी, 9 स्टेशन बनेंगे
नई दिल्ली. राजस्थान में बुलेट ट्रेन चलेगी। दिल्ली से अहमदाबाद तक चलने वाली इस ट्रेन के 9 स्टेशन राजस्थान में होंगे। 875 किलोमीटर लंबे ट्रैक में से करीब 657 किलोमीटर का ट्रैक 7 जिलों अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर से गुजरेगा। इससे पर्यटकों को भी फायदा होगा।
दिल्ली से अहमदाबाद तक का सफर 3.5 घंटे में पूरा हो सकेगा इसके लिए दिल्ली और अहमदाबाद के बीच हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का खाका तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की अधिकतम स्पीड 350 किलोमीटर प्रति घंटे होगी जबकि औसतन स्पीड 250 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर नेशनल हाई स्पीड रेल कॉपोर्रेशन लिमिटेड ने शुक्रवार को गुरुग्राम में पर्यावरण एवं सामाजिक परामर्श बैठक आयोजित की। इसमें बताया गया कि दिल्ली और अहमदाबाद के बीच हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का डीपीआर तैयार किया जा रहा है।
886 किमी होगी कॉरिडोर की लंबाई
बताया जा रहा है कि कॉरिडोर बनने के बाद दिल्ली से अहमदाबाद का सफर केवल 3.5 घंटे में पूरा हो सकेगा। इस कॉरिडोर की लंबाई 886 किलोमीटर है। इसमें दिल्ली से लेकर अहमदाबाद तक 14 स्टेशन बनाए जाएंगे। हरियाणा में इस कॉरिडोर की लंबाई 78.22 किलोमीटर के करीब है।
द्वारका से होगी शुरू
बता दें कि हाई स्पीड रेल कॉरिडोर दिल्ली के द्वारिका से शुरू होगा। यह गुरुग्राम में द्वारिका एक्सप्रेस वे के साथ साथ प्रस्तावित है। गुरुग्राम से आगे यह हाई स्पीड रेल कॉरिडोर गुरुग्राम-जयपुर रेल लाइन के साथ साथ रेवाड़ी और उसके बाद एनएच 48 के समानांतर अहमदाबाद पहुंचेगा ।

