मुरैना में बम की तरह फटा गैस सिलेंडर
मुरैना. मुरैना बैरियर चौराहे पर एक नशेड़ी ने एक गुमठी में आग लगा दी। आग ने बगल में मौजूद पांच ठेलों को चपेट में ले लिया। आग भड़क गई और गुमटी में रखा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फटा। धमाका इतना तेज था कि अगर गुमठी के पास कोई व्यक्ति मौजूद होता, तो जन हानि हो सकती थी। जिस समय यह धमाका हुआ, पुलिस बल मौजूद था। घटना गुरुवार की दरम्यानी रात साढ़े बारह से 1 बजे के बीच की है।
सतेन्द्र जाटव की बैरियर चौराहे के पास गुमठी है। इसमें वह किराने का सामान रखते हैं साथ ही चाय भी बनाते हैं। गुमठी के पास ही चाय-नाश्ते के दो ठेले लगते हैं और अन्य ठेले भी लगते हैं। रात में नीरज सिंह वहां पहुंचा और उसने गुमठी में आग लगा दी। आग लगते ही गुमठी धू-धू करके जलने लगी। देखते ही देखते उसने आस-पास मौजूद नाश्ते के ठेलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जब आग भड़की तो सिविल लाइन थाने की पुलिस वहां मौके पर पहुंची और तुरंत फायर ब्रिगेड को खबर की। फायर ब्रिगेड वहां आई और उसने आग बुझाना शुरु कर दिया।
बम की तरह धमाके के साथ फटा गैस सिलेंडर
जिस वक्त फायर ब्रिगेड आग पर पानी डालने जा रही थी, उसी वक्त गुमठी में रखा गैस का सिलेंडर धमाके के साथ फटा। प्रत्यक्षर्दियों ने बताया कि ऐसा लगा कि जैसे कोई बम फट गया हो। गनीमत यह रही कि जिस समय सिलेंडर फटा, उस समय पुलिस बल गुमठी के पास मौजूद नहीं था, वरना जनहानि हो सकती थी।

