मप्र में कोरोना को लेकर सीएम ने शाम को आपात बैठक बुलाई, कुछ जिलों में पाबंदियों पर हो सकता है विचार
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना के लगातार मामले सामने आ रहे है। इस बीच प्रदेश से सटे महाराष्ट्र के शहरों में केस बढ़ने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार शाम कोरोना को लेकर आपात बैठक बुलाई है। इसमें कोरोना के बढ़ते केसों वाले जिलों में पाबंदियों पर भी विचार हो सकता है साथ ही मास्क, वैक्सीनेशन को लेकर नई रणनीति बन सकती है। प्रदेश में 9 दिनों में 120 पॉजिटिव मिल चुके है। मध्यप्रदेश में अभी 134 एक्टिव केस है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बुधवार को 24 घंटे में 9 नए कोरोना पॉजिटिव मिले है। इसमें सबसे ज्यादा जबलपुर में 4, इंदौर में 3, भोपाल और रतलाम में 1-1 पॉजिटिव संक्रमित शामिल है। बता दें अभी कोरोना का हॉट स्पॉट जबलपुर बना हुआ है। यहां पर पिछले 9 दिनों में 44 नए संक्रमित मिले है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कई पाबंदियां जारी करने के भी आदेश जारी किए है। इसमें जबलपुर में बिना मॉस्क पहने सार्वजनिक परिवहन के वाहनों में यात्रा नहीं करने दी जाएगी। वहीं, यदि कोई दुकानदार बिना मॉस्क पहने व्यक्ति को कोई सामान देता है तो उस दुकानदार के खिलाफ कोरोना प्रोटोकॉल उल्लंघन का केस दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा जिला प्रशासन ने संक्रमण को रोकने के लिए एसिम्टोमेटिक मरीज को अब होम आईसोलेशन की जगह सीधे अस्पताल में भर्ती करने के आदेश जारी कर दिए है। यदि कोई पॉजिटिव मरीज अस्पताल में भर्ती होने से मना करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं, इंदौर और भोपाल में भी 22 केस मिले है। सरकार की चिंता का करण कोरोना संक्रमण की जद में आने वाले छोटे जिले भी है। यहां पर अधिकतर संक्रमित ट्रेवल हिस्ट्री वाले मिल रहे है।

