मंत्रालय से लेकर जिलों तक नॉन परफॉर्मर अफसरों पर गिरेगी गाज, बदलेंगे कई कलेक्टर- एसपी
भोपाल. शराब माफिया, भूमाफिया, खनन माफिया के विरुद्ध मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के तेवर सख्त हो गए है। मुरैना में जहरीली शराब से मौत के मामले में कलेक्टर, एसपी को हटाए जाने के बाद अब खराब परफॉर्मेंस और असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही में सुस्ती करने वाले अफसरों पर गाज गिरना तय है। इस बदलाव में मंत्रालय में बैठे अधिकारियों से लेकर जिलों तक के अधिकारी प्रभावित होंगे। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के स्तर पर जिलों में पदस्थ उन अधिकारियों को चिन्हित कर लिया गया है जिनका परफॉर्मेंस कसौटी पर खरा नहीं उतर रहा है। ऐसे करीब 8 से 9 कलेक्टर औ उतने ही एसपी सरकार के रडार पर है जिन्हें कुछ ही दिनों में बदला जाएगा। इस सर्जरी में कुछ बड़े अफसर भी प्रभावित होंगे जिनकी अपने विभागीय मंत्री के साथ पटरी नहीं बैठ रही है या वे विभाग के काम में सुस्त रवैया अपनाए हुए है।
आईपीएस अफसरों की भी बड़ी तबादला सूची आज आ सकती है
इधर आईएएस अफसरों के साथ ही आईपीएस अफसरों की भी बड़ी तबादला सूची आज आ सकती है। इसमें कटनी और मुरैना जिले के नए पुलिस अधीक्षकों की पदस्थापना होगी। वहीं कुछ जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले जाएंगे। बताया जाता है कि ग्वालियर-चंबल पुलिस जोन में पदस्थ एक जिल के पुलिस अधीक्षक को मुरैना जिले की कमान सौंपी जा सकती है। मुरैना एसपी अनुराग सुजानिया को मुरैना में जहरीली शराब पीने से मौत के मामले में हटाया गया, वहीं अशोक नगर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया को बड़े जिले की कमान दी जा सकती है।

