पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बार पार्टी सामान्य वर्ग की महिला को टिकट देगी, माया सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार किया
ग्वालियर. महापौर पद की उम्मीदवारी को लेकर दोनों दलों में घमासान मचा हुआ है। भाजपा से सामान्य वर्ग की महिला दावेदार अपने पति व अन्य स्वजनों के साथ भोपाल में डेरा डाले हुए है। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सिंधिया व नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा अन्य केंद्रीय नेतृत्व से मिलने के बाद भोपाल पहुंचे है। महापौर उम्मीदवार के दावेदारों के बायोडाटा भोपाल पहुंच चुके है। अब दावेदार पूरी ताकत के साथ भोपाल में लॉबिंग कर रहे है। संभावना जताई जा रही है कि कोई अप्रत्याशित उम्मीदवार का नाम सामने आ सकता है। इंदापुरकर परिवार के नाम पर विचार हो सकता है।
दावेदार भोपाल में जमे
महापौर पद के लिये दावेदारी कर रहीं महिला उम्मीदवारों के पति दो दिन से भोपाल में जमे हुये हैं। यह दावेदार अपना बायोडाटा दिल्ली में अंचल के प्रमुख नेताओं को भी थमा आएं हैं। राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि पूर्व पर्षाद हेमलता भदौरिया,गौरी रिंकू परमार, सुमन शर्मा, डा अंजलि रायजादा, अर्पणा पाटिल सहित पिछड़े वर्ग व अनुसूचित वर्ग की महिलाओं के नाम दावेदारी के रूप में सामने आये हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार पार्टी सामान्य वर्ग की महिला को टिकट देगी। प्रदेश नेतृत्व महापौर पद की उम्मीदवारी घोषित करने के लिए आंतरिक रूप से नामों पर स्थानीय नेताओं से चर्चा कर रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व मंत्री माया सिंह ने महापौर का चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।

