नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
भोपाल. गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर सरकार पूरी तरह सजग और सतर्क है। प्रदेश की सीमा से सटे राज्यों में ओमिक्रॉन के केस मिलने के बाद बॉर्डर के जिलों में चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 17 नए केस मिले हैं। जिनमें इंदौर से छह केस, भोपाल से 8 और शेष अन्य जिलों से हैं। कोरोना वायरस की संक्रमण दर 0.3 फीसदी और रिकवरी रेट 98.60 फीसदी है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के कुल एक्टिव केसों की संख्या 138 है।
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना के केस
प्रदेश में 17 दिन में 255 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। रोजाना औसत 15 केस मिल रहे हैं। इन 16 दिन में सबसे ज्यादा पॉजिटिव भोपाल में 115 आए हैं। यहां रोज औसतन 7 केस आ रहे हैं। शुक्रवार को भोपाल में 12 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनमें 7 केस दूसरे जिले और रिपीट जांच रिपोर्ट वाले थे। इसके अलावा, 17 दिन में इंदौर में 86 संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 233 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 571 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से 10 हजार 528 लोगों की जान जा चुकी है।

