डीआरएम का निरीक्षण-झांसी से आगरा के बीच 160 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
ग्वालियर. झांसी से आगरा के बीच रेलवे लाईन पर 130 से 160 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेनों के संचालन को लेकर शुक्रवार सुबह डीआरएम संदीप माथुर ने विण्डो निरीक्षण किया। डीआरएम ने झांसी से धौलपुर तक रेल लाईन का निरीक्षण कर रेल पटरी की गुणवत्ता देखी और वह अपनी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजेंगे। इस बलीच ग्वालियर स्टेशन पर उतरकर प्लेटर्फार्म पर निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिये।
झांसी से आगरा के बीच ट्रेनों की स्पीड़ बढ़ाने के लिये काफी समय से रेल ट्रैक पर काम हो रहा है। रेलवे के अधिकारियों की हरी झण्डी मिलने के बाद झांसी -आगरा के बीच ट्रेनों की 130 से 160 प्रतिघंटे की स्पीड़ से संचालन किया जा सकेगा। इसी सिलसिले में लगातार रेलवे अधिकारियों का निरीक्षण जारी है और कुछ समय पहले रेल सतर्कता सरंक्षता आयुक्त ने निरीक्षण किया था। शुक्रवार को डीआरएम संदीप माथुर भी विण्डो निरीक्षण के लिये निकले। उन्होंने झांसी से धौलपुर के बीच ट्रैक का निरीक्षण किया और इस बीच वह ग्वालियर स्टेशन पर लगभग 15 मिनट रूके।
यहां उन्होंने रेलवे अफसरों से बात की। उन्होंने जाना कि स्टेशन पर कोविड गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा है या नहीं। इसके अलावा कोविड में यात्रियों और कर्मचारियों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही, ग्वालियर स्टेशन को पीपीपी मॉडल के तहत विकसित किए जाने को लेकर रेलवे स्टेशन विकास लिमिटेड द्वारा स्थानीय प्रशासन के साथ होने वाली बैठक के संबंध में भी चर्चा की है।

