Latestराज्यराष्ट्रीय

टेरर फंडिंग केस में सिवनी में NIA का छापा

सिवनी. टेरर फंडिंग मामले में NIA की टीम ने शनिवार को सिवनी में तीन घरों में दबिश दी। यहां से हार्ड डिस्क, आपत्तिजनक साहित्य और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त की है। टीम दो आरोपियों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। सिवनी एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्रवाई टेरर फंडिंग को लेकर हुई है। NIA की टीम ने मध्यप्रदेश पुलिस के साथ मिलकर दबिश दी। सिवनी के भगत सिंह वार्ड और शहीद वार्ड में छापेमारी की। यहां अकरम, शोएब खान और अब्दुल अजीज के घर की तलाशी ली गई। टीम ने शोएब खान और अब्दुल अजीज को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। एसपी ने बताया कि 2021 में दिल्ली में एक मामला दर्ज हुआ था। इसी की जांच के तहत NIA की टीम शनिवार को सिवनी पहुंची। पूरा मामला टेरर फंडिंग से जुड़ा है।

आरोपी अकरम को पूछताछ के बाद छोड़ा
एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ लोगों के निवास पर संदिग्ध और अवैध गतिविधियों के होने की आशंका थी। इसको देखते हुए NIA की टीम पूछताछ के लिए अब्दुल अजीज और शोएब खान को अपने साथ ले गई। अकरम के घर की भी तलाशी ली गई थी। उससे पूछताछ की। इसके बाद टीम ने उसे छोड़ दिया। इस दौरान कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसकी जब्ती बनाकर NIA की टीम ले गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *