जेयू के नए कुलपति की नियुक्ति के लिए 12 नाम छांटे, उम्मीदवारों को 1 दिसंबर को बुलाया
ग्वालियर. जीवाजी विश्वविद्यालय के नए कुलपति की नियुक्ति के लिए सर्च कमेटी ने 12 नामों की छंटनी की है। इस कमेटी ने कुलपति की नियुक्ति के लिए पैनल तैयार करने उम्मीदवारों को एक दिसंबर को बुलाया है। जिन प्रोफेसर को संवाद के लिए बुलाया जा रहा है, उन्हें कमेटी की ओर से ईमेल पर संदेश पहुंच चुके है। सूचना मिलने के बाद उम्मीदवारों ने संवाद की तैयारी शुरू कर दी है।
कुलपति के लिए 40 से ज्यादा आवेदन आए
जेयू की कुलपति संगीता शुक्ला के कार्यकाल को 18 नवंबर को चार साल पूरे हो चुके है। अब नए कुलपति की नियुक्ति होनी है। जेयू के कुलपति के लिए 40 से ज्यादा आवेदन आए थे। कमेटी ने जो आवेदन आए थे उनमें से छटनी कर 12 नामों का चयन किया है जिन्हें संवाद के लिए बुलाया जाना है। 12 उम्मीदवारों को सूचना भी दी गई है। वहीं दूसरी ओर नए कुलपति के आने तक कुलपति का प्रभार संगीता शुक्ला पर रहेगा।
कमेटी तीन नाम तय करेगी
सर्च कमेटी 12 प्रोफेसरों से संवाद करेगी। इसके बाद कुलपति की नियुक्ति के लिए पैनल तैयार किया जाएगा। इस पैनल में से तीन नाम जाएंगे। किसी एक नाम पर राज्यपाल मुहर लगाएंगे।
संभवत: जेयू को दिसंबर के पहले सप्ताह में नया कुलपति मिल सकता है। कमेटी ने संवाद के लिए नामों का चयन किया है। इनमें से अधिकतर प्रोफेसर बाहर के हैं।
नए कुलपति को लेकर जेयू में अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। संभावित नामों पर चर्चा की जा रही है।

