ग्वालियर में 1 करोड़ की चोरी का मास्टरमाइंड झांसी में हिस्सा कर ट्रेन से इटारसी और हरियाणा की तरफ भागे लुटेरे
ग्वालियर. एमआईटीएस के प्रोफेसर के घर डकैती डालने वाले चार बदमाश अभी भी फरार हैं। इन बदमाशों के सरगना पप्पू सोनी ने झांसी में गहनों का हिस्सा कराया, इसके बाद लुटेरे अलग-अलग शहरों में फरारी काटने भाग गए। फरार लुटेरे इटारसी, हरियाणा और उप्र के दूसरे शहरों में भागे हैं। इनकी तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम लगी हैं। उधर दो टीमें अजय उर्फ टोपी और गट्टू उर्फ गट्टा को लेकर झांसी व अलग-अलग जगह गई हैं। लूटे गए सोने की बरामदगी में टीम लगी हैं।
सोमवार को दिनदहाड़े गोला का मंदिर स्थित पंचशील नगर में रहने वाले एमआईटीएस के प्रोफेसर डा.शिशिर दीक्षित के घर में घुसकर चार हथियारबंद बदमाशों ने डकैती डाली थी। दो बदमाश बाहर रैकी कर रहे थे। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने इस घटना को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनसे अभी तक करीब 160 ग्राम सोने के जेवर बरामद हो चुके हैं। पुलिस ने अजय उर्फ टोपी, चेतन, प्रवेश, कान्हा, गट्टू उर्फ गट्टा और संजू को गिरफ्तार किया है। झांसी और करैरा में वारदात करने वाली गैंग के सरगना पप्पू सोनी ने अजय के कहने पर डकैती का प्लान बनाया था। उसने लुटेरों को बुलवाया। इसके बाद डकैती डाली गई। छह आरोपी तो पकड़ लिए गए हैं, लेकिन लुटेरों का सरगना पप्पू सोनी और उसके साथी अभी भी फरार हैं। पप्पू सोनी बहुत ही शातिर बदमाश है, करैरा में 1.24 करोड़ की चोरी का भी मास्टरमाइंड वही था, जिसे पुलिस ने काफी प्रयास के बाद पकड़ पाया था। पुलिस ने अजय और गट्टू उर्फ गट्टा को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। इनसे पूछताछ में सामने आया लूट करने के बाद झांसी में बंटवारा हुआ और सभी अलग-अलग जगह भाग गए। इसी बीच खबर लगी है,फरार लुटेरे ट्रेन से भागे हैं। इनके इटारसी और हरियाणा की तरफ भागने की सूचना है। झांसी के अलावा उत्तरप्रदेश के अन्य शहरों में भी इनकी तलाश में टीमें लगी हैं। क्राइम ब्रांच की एक टीम गट्टू को लेकर झांसी गई है।
गट्टू ने ही की थी प्रोफेसर की मां और बेटी के साथ मारपीट, टिंकू तोमर का नाम भी उसी ने लिया। गट्टू उर्फ गट्टा यादव से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसके हाथ में कट्टा था। सबसे पहले वह और अजय उर्फ टोपी ही घुसे थे। अंदर प्रोफेसर की पत्नी की कनपटी पर अजय और बेटी को उसने नियंत्रण में लिया था। बेटी और बूढ़ी मां ने विरोध किया तो उन पर कट्टे का बट मारा, बाल खींचे। फिर टिंकू तोमर का नाम लेकर गुमराह करने की कोशिश की। उसने ही बोला था टिंकू तोमर गैंग के सदस्य हैं।

