ग्वालियर में नदी पर पहली एलिवेटेड रोड होगी, गड़करी रखेंगे आधारशिला
ग्वालियर.केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के ड्रीम प्रोजेक्ट एलिवेटेड रोड का सपना अब जल्द पूरा होने जा रहा है। 15 सितंबर को रोड के पहले फेस की आधारशिला रखी जाएगी। स्वर्ण रेखा नदी पर रिंग रोड की तर्ज पर 829 करोड़ रुपए की लागत से 14.7 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनेगी। यह 4 लेन एलिवेटेड रोड हनुमान बांध से लक्ष्मीबाई समाधि और वहां से जलालपुर IIITM तक दो चरणों में बनाई जाएगी। किसी नदी पर बनने वाली यह मध्य प्रदेश की पहली एलिवेटेड रोड होगी। पहले फेस में 6 किलोमीटर की रोड बनेगी। जो लक्ष्मीबाई समाधि से लेकर IIITM तक बनेगी। इसके लिए 15 सितंबर को आधारशिला रखने का कार्यक्रम हो रहा है। उसी के संबंध में शुक्रवार को प्रदेश के ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्वर्ण रेखा नदी किनारे निरीक्षण किया है और कार्यक्रम स्थल का चुनाव किया है।
पहले फेस में स्वर्ण रेखा पर 6 किलोमीटर लम्बाई में बनेगा एलीवेटेड रोड़
शहर के बीच से होकर बह रही स्वर्ण रेखा नदी पर एलीवेटेड रोड़ बनने जा रहा है। पहले फेस में ऐलीवेटेड रोड़ का निर्माण लगभग 447 करोड़ रूपए की लागत से होगा। इसमें से लगभग 406 करोड़ रूपए की राशि केन्द्र सरकार एवं लगभग 41 करोड़ रूपए की धनराशि राज्य सरकार ने मंजूर की है। स्वर्ण रेखा पर अत्याधुनिक तकनीक से प्रथम चरण में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के समीप से ट्रिपल आईटीएम तक लगभग 6 किलोमीटर लम्बाई में एलीवेटेड रोड़ का निर्माण होगा।

