ग्वालियर में करोड़ों की सरकारी जमीन की थी हत्या की प्लानिंग, फायरिंग करने वाले 3 गिरफ्तार
ग्वालियर. एक निगरानीशुदा बदमाश को घर से बुलाकर कुछ लोगों ने सिर में गोली मार दी थी। किस्मत से घायल की जान बच गई है। हमलावर भी क्षेत्र के बदमाश हैं। इनमें से 3 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मास्टरमाइंड अभी फरार है। बदमाशों के बीच गैंगवार की मुख्य वजह करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन है। घायल का उस पर कब्जा है हमलावर भी उसे कबजाना चाहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने हत्या की प्लानिंग की है। इस मामले के मुख्य आरोपियों सहित अन्य आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी भी पुलिस व जिला प्रशासन ने कर ली है।
सरकारी जमीन पर कब्जा के चलते बदमाशों ने युवक पर फायरिंग की
झांसी रोड थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा व वर्चस्व की लड़ाई के चलते आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी थी। गोली युवक के सिर में लगी थी। घायल भी इलाके का निगरानीशुदा बदमाश है। इस मामले में पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला था कि गोली मारने वाले राकेश पारदी, काऊ उर्फ जितेन्द्र पारदी, सुरेन्द्र व किशन पारदी थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। तीन बदमाशों को पुलिस ने बीते रोज दबोचा और पूछताछ की तो पता चला कि असल आरोपी तो बाबा पारदी हैं और उसने ही पूरी कहानी रची थी। बाबा पारदी के साथ ही बेटू पारदी और धर्मेन्द्र पारदी भी शामिल थे और घटना के समय वह भी वहां पर मौजूद थे।
गोली से बचता तो होता दूसरा हमला
पुलिस को पड़ताल में पता चला है कि अगर संजीव उर्फ संजू पाल फायरिंग से बच जाता तो बाबा पारदी, धर्मेन्द्र और बेटू उस पर हमला करते, क्योंकि बाबा पारदी ने संजू की हत्या के दो प्लान तैयार किए थे। संजू पाल को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ने की बात कही थी। यही कारण था कि एक टीम असफल होती तो दूसरी टीम उस पर हमला करती।
रामनगर में 6 स्थानों पर दबिश
पुलिस ने बीते रोज बाबा पारदी, बेटू और धर्मेन्द्र की तलाश में रामनगर व शिन्दे की छावनी में आधा दर्जन स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह यहां से पुलिस के हाथ से निकल गया और पुलिस उसकी तलाश में अन्य स्थानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना
इस मामले में झांसी रोड टीआई शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि चार आरोपी दबोच लिए हैं, जबकि वारदात का खाका खींचने वाला मास्टर माइण्ड व उसके दो अन्य साथी अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही शेष आरोपी भी पकड़े जाएंगे।

