ग्राहकों के लिए जरूरी सूचना, सिलेंडर में 2 से 3 किलो कम मिल रही है गैस
भोपाल. एलपीजी के ग्राहक सावधान हो जाएं। आपके द्वारा जो गैस सिलेंडर लिए जा रहे हैं वह कहीं कम वजन के तो नहीं आ रहे हैं। उनमें जो गैस है वह निर्धारित वजन की अपेक्षा कम तो नहीं है। कहीं कम वजन के गैस सिलेंडर न दे जाएं, इसके लिए जरूरी है कि गैस सिलेंडर को अच्छी तरह से परख लें, वजन करा लें इसके बाद ही सिलेंडर प्राप्त करें।
बिना जांचें व बिना वजन करे न लें गैस सिलेंडर
जब भी किसी भी कंपनी का गैस सिलेंडर होम डिलेवरी के लिए घर पहुंचता हो या उपभोक्ताओं द्वारा एजेंसी से ही सिलेंडर प्राप्त किया जाता हो तो बिना जांच किए व बिना वजन किए सिलेंडर नहीं लेने का नियम है। जब तक सिलेंडर की जांच न कर लें, तब तक सिलेंडर प्राप्त नहीं करें। सिलेंडर पर ऊपर जितना वजन अंकित रहता है उतना ही वजन भरे सिलेंडर में होना चाहिए, यदि उससे कम निकलता है तो उसके स्थान पर दूसरा सिलेंडर तय वजन का ही लें। इसके लिए बकायदा सिलेंडर पर सील व वजन की जांच करने के बारे में भी लिखा होता है।
इस तरह की शिकायतें आ रही हैं सामने
राजगढ़ शहर में एचपी कंपनी के जो गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के यहां पहुंच रहे हैं उनमें से बीच-बीच में कई सिलिंडर ऐसे भी सामने आ चुके हैं जिनमें निर्धारित वजन के मुकाबले 2 से 3 किलो तक गैस कम पाई गई है। जैसे ही कर्मचारी होम डिलिवरी के तहत सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर पहुंचाने पहुंचे तो कुछ उपभोक्ताओं को सिलेंडर उठाने के दौरान वजन कम लागा। ऐसे में उन्होंने कम वजन होने की आशंका व्यक्त की, हालांकि संबंधित कर्मचारियों का कहना यह एजेंसी से ही सिलेंडर आए हैं। बाद में उपभोक्ताओं द्वारा आपत्ति व्यक्त करने के चलते उन सिलेंडरों के स्थान पर उपभोक्ताओं को दूसरे सिलेंडर उपलब्ध करवाए गए हैं। करीब डेढ़ माह के अंदर कम वजन के सिलेंडर के कुछ केस सामने आ चुके हैं। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति अधिकारी अब्दुल नईम कुरैशी से बात करना चाही, लेकिन उनका मोबाइल बंद था।

