गुजरात फार्मूला हिट होने से ग्वालियर चंबल में नये चेहरों ने बढ़ाई सक्रियता
ग्वालियर. अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर ग्वालियर-चंबल अंचल में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। अंचल की 34 विधानसभा सीटों पर टिकट के दावेदारों ने अपने-अपने पसंदीदा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा में टिकट के दावेदारी के लिए नए चेहरे नजर आने लगे हैं। क्योंकि संगठन में यह तय माना जा रहा है कि गुजरात में 30 प्रतिशत नए चेहरे चुनावी समर में उतारे जाने का प्रयोग सफल हुआ है। गुजरात चुनाव में 30 प्रतिशत से अधिक नए चेहरों को चुनावी समर में उतारने से अपेक्षा से अधिक नतीजे मिलने से भाजपा उत्साहित है। अगले वर्ष अन्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में इसी फार्मूले पर चुनाव लड़ेगी। अगर भाजपा गुजरात के फार्मूले पर चुनाव प्रदेश में लड़ती है तो दोनों अंचल के 30 प्रतिशत से मंत्री व विधायकों के टिकट कट सकते हैं। इसके साथ ही 2013 के विधानसभा चुनाव व उपचुनाव में हारे हुए प्रत्याशियों पर पुर्नविचार होने पर 50 प्रतिशत से अधिक नए चेहरों पर भाजपा दाव लगा सकती है।
ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक घमासान
पूर्व विधानसभा में सबसे अधिक दावेदार सक्रिय नजर आ रहे हैं, क्योंकि यह क्षेत्र विषम परिस्थितियों से जूझ रहा है। 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चुनाव चिश्र् पर चुनाव लड़ने वाले मुन्नालाल गोयल ने भाजपा के प्रत्याशी को पराजित किया था। सरकार के उलटफेर में मुन्नालाल गोयल भाजपा में शामिल हो गए और उपचुनाव में भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में गए सतीश सिकरवार से मुन्नालाल गोयल चुनाव हार गए। अगले साल होने वाले चुनाव के लिए मुन्नालाल गोयल पराजित होने के बाद अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके बाद भी जय सिंह कुशवाह, रामेश्वर भदौरिया के साथ अनूप मिश्रा भी सक्रिय हैं। पूर्व मंत्री माया सिंह भी अपने पुत्र पीतांबर सिंह के नाम को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहीं हैं। इसी तरह ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, वेदप्रकाश शर्मा के साथ अन्य क्षत्रिय समाज से जुड़े अन्य दावेदार भी सक्रिय हैं।
दक्षिण विधानसभा सीट पर कई नेताओं की नजर
दक्षिण विधानसभा पर पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के अलावा पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता के अलावा सांसद विवेक नारायण शेजवलकर पुत्र प्रांशु शेजवलकर के नाम को आगे बढ़ा सकते हैं। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। महेंद्र सिंह यादव, मदन सिंह कुशवाह टिकट की दौड़ में शामिल होने का प्रयास कर रहे हैं। डबरा में इमरती देवी के अलावा कप्तान सिंह सहसारी फिर से टिकट के लिए दावेदारी कर सकते हैं। भितवार विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, कौशल शर्मा, रावत समाज से कई चेहरे सामने हैं।

