केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का चार्टर प्लेन क्रैश होने से बचा
इंदौर. इंदौर एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निशीथ प्रामाणिक का चार्टर प्लेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया। केंद्रीय मंत्री को इंदौर लेकर आया प्लेन उन्हें छोड़ने के बाद वापस उड़ान भरते ही डगमगाने लगा। ऐसा इंजन में खराबी आने से हुआ। पायलट ने इंदौर एयरपोर्ट पर जानकारी दी इसके बाद प्लेन की इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से लोकसभा सांसद व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री प्रामाणिक मंगलवार शाम 5.30 बजे दिल्ली से विशेष चार्टर विमान से इंदौर आए थे। उन्हें छोड़ने के बाद प्लेन को वापस दिल्ली लौटना था। प्लेन में पायलट और को-पायलट थे। प्लेन में ईंधन भरवाने के बाद शाम 6.40 बजे इंदौर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान के दूसरे इंजन में खराबी आ गई। विमान झटके लेने लगा। पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को देते हुए लैंडिंग की परमिशन मांगी।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने परमिशन देने के साथ ही एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित करते हुए फायर, एंबुलेंस को भी जानकारी दी। प्लेन इंदौर से रवाना होने के बाद करीब 92 किलोमीटर तक जा चुका था। पायलट ने वापस इंदौर लाते हुए शाम 7.19 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करवाई।

