कार ने मजदूर को मारी टक्कर, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
ग्वालियर. आधी रात को बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार दौड़ रही कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे मजदूर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मजदूर उछलकर सड़क पर गिरा, वह दर्द से सड़क पर तड़प रहा था। यहां से राहगीर गुजरते रहे लेकिन कोई मदद के लिए नहीं रुका। इसी दौरान एसडीओपी घाटीगांव संतोष पटेल निकले, उन्होंने तुरंत उसकी मदद की। उसे अस्पताल भेजकर उसकी जान बचाई।
मजदूर को अज्ञात कार ने टक्कर मारी
दरअसल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने घाटीगांव अनुभाग के एसडीओपी संतोष पटेल की ड्यूटी ग्वालियर में रात्रि गश्त के लिए लगाई थी। शहर में रात्रि गश्त मैं ड्यूटी इसलिए लगाई गई थी क्योंकि गणतंत्र दिवस था। रात को एसडीओपी संतोष पटेल बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास भ्रमण कर रहे थे। कुछ होटल लॉज में भी चेकिंग की। इसके बाद वह पड़ाव पुल की तरफ जा रहे थे, तभी सड़क पर एक मजदूर तड़पता हुआ दिखा। मजदूर को एक अज्ञात कार टक्कर मार गई थी। उन्होंने तुरंत मजदूर को अस्पताल भिजवाया और उसकी जान बचाई।

