आबकारी व पुलिस ने पुरानी छावनी बरूआ गांव में 27 हजार शराब की बोतला को जेसीबी से कुचलकर नष्ट किया
ग्वालियर. आबकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पुरानी छावनी बरूआ गांव में करीब 27 हजार शराब की पेटियों में रखी बोतलों को जेसीबी से कुचलकर नष्ट किया गया है। इस दौरान लोगों को हुजुम भी यह सब देखने के लिए मौजूद था। जब कुछ शराबियों ने बोतल लेकर भागने का प्रयास किया तो पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग भी करना पड़ा। आबकारी व पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की जाती है। काफी मात्रा में शराब जमा हो जाने के कारण इन दिनों विनिष्टिकरण की कार्रवाई की जा रही है जिससे मालखाना खाली हो सके और जब्त माल रखने की व्यवस्था हो सके। इस दौरान केवल उस अवैध शराब को नष्ट किया जा रहा है जिसमें न्यायालय से प्रकरणों में निराकरण हो चुका है।
हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को खदेड़ा
इसी क्रम में शुक्रवार को पुरानी छावनी के बरूआ गांव में जेसीबी से शराब को नष्ट किया गया है। पिछली बार बोतलों को निकालकर नष्ट किया गया था जिससे कई लोग बोतले उठाकर भी भाग गए थे। इस बार पेटियों को रखकर जेसीबी चला दी गई है हालांकि इसके बाद भी जब जेसीबी के वजन से बियर की केन और शराब की बोतले इधर-उधर फैल गई तो लोगों ने लेकर भागने का प्रयास किया हालांकि पुलिस मुस्तैद थी इसलिए हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को खदेड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान आसपास के काफी लोग जमा हो गए थे। ऐसे में पुलिस के लिए भी भीड़ को कंट्रोल करना मुश्किल हो रहा था।

