अमेरिका ने मिसाइल से मार गिराया जासूसी गुब्बारा, तो भड़का चीन, दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
नई दिल्ली. जासूसी गुब्बारे को लेकर चीन और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ गया है। राष्ट्रपति जो बाइडेन की अनुमति मिलने के बाद अमेरिकी वायुसेना ने मिसाइल दागकर संदिग्ध गुब्बारे को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद चीन भड़क गया। ड्रैगन ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक सिविलियन एयरशिप था। अमेरिका को प्रोफेशनल तरीके से मुद्दे को हल करना चाहिए था। इसके साथ ही चीन ने अमेरिका को जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है। चीन का कहना है कि अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया है।
तीन एयरपोर्ट बंद कर दागी मिसाइल
इससे पहले अमेरिका ने करीब तीन दिन से अपने आसमान में मंडरा रहे गुब्बारे को मिसाइल दाग कर ध्वस्त कर दिया। इससे लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। आसपास के तीन एयरपोर्ट को कुछ देर के लिए बंद रखा गया।
इससे पहले विशेषज्ञों ने आशंका जताई थी कि गुब्बारे को मार गिराया गया तो उसके उसके मलबे से नागरिकों को नुकसान हो सकता है।
दिखा चीन का एक और जासूसी गुब्बारा
इस बीच, लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में चीन का एक और संदिग्ध जासूसी गुब्बारा देखा गया है। शुक्रवार को अमेरिका के आकाश में तीन बसों के बराबर के आकार का गुब्बारा देखा गया था। इसके चीन का जासूसी गुब्बारा होने का शक है, जो अमेरिका के कई संवेदनशील ठिकानों के ऊपर उड़ता देखा गया। इससे दोनों देशों के संबंधों में पैदा हुए तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिकन ने चीन दौरा स्थगित कर दिया है।

