अमित शाह का 7 महीने में MP का दूसरा दौरा, किस तैयारी में जुटी भाजपा
भोपाल. MP में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा सरकार चुनावी मोड में है। वह हर वर्ग को खुश करने में लगी है। प्रदेश में आदिवासी वर्ग बड़ा वोट बैंक है। भाजपा की नजरें इसी पर हैं। इन्हीं को ध्यान में रखकर पार्टी के टॉप 2 लीडर में से एक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को भोपाल आ रहे हैं। बीते 7 महीने में प्रदेश का ये उनका दूसरा दौरा है। राजधानी के जम्बूरी मैदान में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पार्टी विधानसभा चुनाव 2018 के परिणामों से सबक लेकर अपनी जमीन को मजबूत करने में लगी है।
राज्य सरकार 22 अप्रैल को तेंदूपत्ता संग्राहकों का सम्मेलन आयोजित कर रही है। इसके मुख्य अतिथि अमित शाह होंगे। इससे पहले वे 18 सितंबर 2021 को आदिवासियों से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर आए थे। उनके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आदिवासियों के कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल आ चुके हैं। वे 15 नवंबर 2021 को आदिवासी वर्ग के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
चुनावी मोड में भाजपा, चल रही तैयारियां
गुजरात में इस साल के अंत में और मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा इन प्रदेशों में चुनावी मोड में है। पार्टी का पूरा फोकस उन जिलों और विधानसभा सीटों पर है, जहां पिछले चुनाव में पार्टी को हार मिली थी। इस लिहाज से शाह का ये दौरा अहम माना जा रहा है। इस बारे में प्रदेश प्रवक्ता हितेश बाजपेयी कहते हैं कि अमित शाह बड़े नेता और केंद्रीय गृहमंत्री हैं। दोनों दायित्वों के निर्वहन के लिए उनका यह दौरा महत्वपूर्ण हैं। वे एक ओर भारत के गृहमंत्री के रूप में लोगों को एड्रेस करेंगे, तो दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के नाते कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करेंगे।

