हजारों किसान दिल्ली के किसान आन्दोलन में शामिल होने लिये मुरैना से रवाना होंगे
ग्वालियर. कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर आन्दोलनरत किसानों को भूमिहीनों मजूदरों के लिये काम करने वाले जनसंगठन एकता परिषद् और अखिल सर्वोदय समाज का भी समर्थन मिला है। एकता परिषद के संस्थापक राजगोपाल पीवी की अगुआई में हजारों किसानों का जत्थ पदयात्रा करते हुए 17 दिसम्बर को केन्द्रीय कृषिमंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर के चुनाव क्षेत्र मुरैना से दिल्ली पहुंचेगें।
13 दिसम्बर को मुरैना से होंगे रवाना
मुरैना से राजस्थान के धौलपुर, उत्तरप्रदेश के आगरा-मथुरा से होती हुई यह पदयात्रा दिल्ली की सीमा में प्रवेश करेगी। सीमा पर आन्दोलन कर रहे किसानों से जाकर मिल जायेगी। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला किसानों को शामिल करने की तैयारी है। राजगोपाल पीवी और एकता परिषद् के दूसरे वरिष्ठ लोग रविवार की दोपहर के बाद रायपुर से मुरैना के लिये सड़क मार्ग से रवाना होंगे। उनकी योजना में मण्डला, जबलपुर, सागर, झांसी में रूककर स्थानीय कार्यकर्त्ताओं को साथ लेने की है। यह लोग 16 दिसम्बर की शाम मुरैना पहुंचेंगे।

