स्वास्थ्य मंत्री पर हमला, पुलिस अफसर ने ही फायरिंग की, सीने में 4-5 गोलियां लगीं
ओडिशा. स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर रविवार दोपहर ब्रजराजनगर में एक ASI ने फायरिंग कर दी। नब दास के सीने में 4-5 गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है। उन्हें भुवनेश्वर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी ने हमले की वजह नहीं बताई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर पहुंचे थे। कार से उतरते ही एक ASI गोपालदास ने नब दास पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं।

लोगों ने पुलिसकर्मी को गोली चलाकर भागते देखा
आई विटनेस एडवोकेट राम मोहन राव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास कार्यक्रम में चीफ गेस्ट थे। जब वो पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी उन पर किसी ने गोली चला दी। हमने देखा एक पुलिसकर्मी पास से गोली चलाकर भाग रहा था।
सीएम ने कहा हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं
ओडिशा के CM नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।

