सिंधिया-पवैया की बंद कमरे में बैठक,नगरीय निकाय चुनाव में कुछ सीटों पर फंसा पेंच, उन्हीं सीटों पर हुई बात
ग्वालियर. होटल के बंद कमरे में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके कट्टर विरोधी जयभान सिंह पवैया के बीच गजब की जुगलबंदी नजर आई। संगठन की गोपनीय बैठक में दोनों एक दूसरे के पास बैठकर बातचीत करते हुए नजर आए। जबसे सिंधिया भाजपा में आए है। इस तरह किसी बैठक में दोनों एक साथ बैठकर संगठन के लिए चर्चा करते हुए पहली बार नजर आए हैं। यह बैठक BJP कोर ग्रुप की बैठक थी जिसमें पार्षद के टिकट से लेकर महापौर चुनाव की रणनीति पर बात हुई है। यह बैठक बहुत खास रही है। इस बैठक में क्या बातचीत हुई है यह मीडिया को भी नहीं बताया जा रहा है पर जो VIDEO बैठक के लीक हुए हैं उसमें सीट की बातें होती सुनाई दे रही हैं।
बीजेपी की कोर ग्रुप की बैठक हुई
ग्वालियर में BJP अभी तक महापौर और 66 वार्ड के पार्षदों के टिकट फाइनल नहीं कर पाई है। क्योंकि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हजारों कार्यकर्ता भी नगरीय निकाय चुनाव में खुद की दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा संगठन के लिस्ट जारी करने में हाथ पांव फूल गए हैं। यही कारण है कि केन्द्रीय मंत्री सिंधिया दो दिन के ग्वालियर प्रवास पर हैं। शुक्रवार को मुखर्जी भवन में उन्होंने कार्यकर्ताओं और मंडल प्रमुखों की बैठक कर उनसे परिचय लिया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए कार्यो का गुणगान कर सभी को एक विचारधारा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया होटल तानसेन पहुंचे। यहां भाजपा संगठन के कोर ग्रुप की बैठक होटल के एक बंद कमरे में करीब 40 मिनट चली है। बैठक के शुरुआती VIDEO में बीच में सिंधिया बैठे हुए हैं उनके एक तरफ उनके कट्टर विरोधी व महाराष्ट्र के सहप्रभारी जयभान सिंह पवैया बैठे हुए हैं। पहली बार किसी बैठक में इन दोनों को पास बैठे और दूसरे के साथ बातचीत करते हुए व्यस्त देखा है। दोनों नेताओं की बैठक में यह जुगलबंदी सोशल मीडिया पर चर्चा बनी हुई है।

