सिंधिया के सामने फूट-फूटकर रोई महिलाएं, बोली नेता आते हैं झूठा दिलासा देकर चले जाते हैं, आप आए हो तो कुछ राहत दिलवा दो
मुरैना. सरकार, नेता आते हैं और झूठ-मूठ का दिलासा देकर चले जाते हैं। बाढ़ में घर-बार सब बर्बाद हो गया। अब, तो हर साल का यही रोना है। घर के लिए ऊंचाई पर जगह दिलवा दो, कब तक बर्बाद होंगे। यह कहते हुए नीबरीपुरा गांव की महिला रोने लगी तो नागरिक व उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उसके सिर पर हाथ रखकर कहा, आप लोग चिंता न करें, अब हम आ गए हैं। बता दें, मंत्री सिंधिया शनिवार को मुरैना के कुथियाना व बीलपुर स्थित बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे। जैसे ही वे उनके पास पहुंचे तो महिलाएं व लड़कियां उन्हें देखकर जोर-जोर से रोने लगीं। सिंधिया ने उनसे कहा कि रोओ मत, अब हम आ गए हैं, आप लोगों को चिंता करने की कोई जरुरत नहीं है। हम जानते हैं कि, आप लोगों ने बहुत परेशानी उठाई है।
हर साल बर्बाद होती हमारी घर–गृहस्थी
महिलाओं ने रोते हुए मंत्री सिंधिया को बताया कि हर साल उनकी घर-गृहस्थी बाढ़ में बर्बाद होती है। अब, भी अगर उनकी सुनवाई नहीं होती है तो उनका मरना तय है। उन्होंने मंत्री सिंधिया से हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए कहा कि उन्हें ऊंची जगह पर घर बनाने के लिए जगह दी जाए जिससे उनका व उनके बच्चों का जीवन बच सके।
नीबरीपुरा गांव के लोग पहले होंगे विस्थापित
मंत्री सिंधिया ने मौके पर मौजूद कलेक्टर से कहा कि सबसे पहले नीबरीपुरा गांव के लोगों को विस्थापित करें। इसकी रुपरेखा बनाएं और फाइल बनाकर सरकार के पास भेजें।

