वीडियो वायरल-जुआ खेलते पाये जाने पर 6 पुलिस कर्मी निलंबित
टीकमगढ़. कोतवाली और देहात थाने में तैनात पुलिस र्मियों का जुआ खेलते हुए वीडियो सामने आया है इसके बाद एसपी रोहित काशवानी ने तत्काल हेड कांस्टेबल सहित 6 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही वीडियो की जांच के निर्देश दिये है। जांच के बाद कुछ और आरक्षकों के खिलाफ भी कार्यवाही की जा सकती है।
एसपी ने बताया है कि एक वीडियो सामने आया है। जिसमें कोतवाली, देहात, दिगौड़ा और पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मी भी एक साथ बैठकर जुआ खेलते नजर आ रहे है। खबर मिलते ही 1 हेडकांस्टेबल और 5 आरक्षकों को निलंबित कर दिया है। निलंबित लोगों में कोतवाली से मनोज अहिरवार, अनिल पचौरी, सूरज राजपूत,देहात थाने से भुवनेश्वर अग्निहोत्री, दिगौडा थाने से सलमान खान और पुलिस लाइन से रीतेश मिश्रा आदि है।
वीडियो पिछली दिवाली का बताया गया
आरक्षकों का जुआ खेलने का यह वीडियो दिवाली के आसपास का बताया जा रहा है। एसपी ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। जिससे पता चल जाये की यह कितने दिन पुराना है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि जुआ खेलने के दौरान मौके पर और कौन-कौन मौजूद था।
कुछ ओर पुलिसकर्मियों पर भी हो सकती है कार्यवाही
एसपी के अनुसार वायरल वीडियो में लगभग 12 लोग दिखाई दे रहे हैं। मौके पर उपस्थित लोगों का भी पता लगाया जा रहा है, जांच के आधार पर शेष के खिलाफ भी कार्यवाही की जायेगी।

