विण्डसर हिल्स की 6वीं मंजिल से गिरे इंजीनियर जेपी उपाध्याय, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
ग्वालियर. रेलवे से सेवानिवृत्त इंजीनियर जेपी उपाध्याय संदिग्ध हालत में 6वीं मंजिल से नीचे गिरे। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना शहर की पॉश टाउनशिप विण्डसर हिल्स के जी ब्लॉक की है। घटना हादसा है या बुजुर्ग इंजीनियर ने आत्महत्या की है यह अभी फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। पुलिस भी उलझन में है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। ऐसा भी पता चला है कि मृतक के इकलौते बेटे गगन की मौत भी 20 वर्ष पहले कुछ इसी तरह हादसे में हुई थी।
क्या है पूरा मामला
विण्डसर हिल्स के जी ब्लॉक स्थित फ्लैट 31ए निवासी 60 वर्षीय जयप्रकाश उपाध्याय उर्फ जेपी रेलवे से सेवानिवृत्त इंजीनियर है। कुछ समय पूर्व ही उन्होंने वीआरएस लिया था। पिछले 8 वर्ष से वह यहां पर पत्नी गायत्री उपाध्याय के साथ रह रहे हैं। इससे पूर्व रेलवे कॉलोनी में निवास करते थे। उनकी एक बेटी है जो अभी जर्मनी में है। जेपी वैसे तो तीसरी मंजिल पर रहते हैं। लेकिन वह रोज अपने ब्लॉक की 6वीं मंजिल पर सैर करने जाते थे। लगभग एक घंटे छत पर ही टहलने के बाद वह नीचे आते थे। प्रतिदिन की तरह शनिवार की सुबह भी वह पत्नी से सैर पर जाने की कहकर निकल गये। लगभग एक घंटे के बाद वह संदिग्ध हालात में 6वीं मंजिल से नीचे ंटाउनशिप के आंगन में आकर गिरे। उनके गिरने की आवाज से आसपास के लोग एकत्रित हो गये। वह लहूलुहान हो चुके थे। तत्काल उनको सिटीसेंटर के एक निजी अस्पताल में लेकर गये जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया हैं।
पत्नी ने भी कूंदने का प्रयास किया
जब पत्नी ने पति को आंगन में खून से लथपथ देखा तो वह अपने आप को रोक नहीं पाई उपर से कूंदने का प्रयास किया लेकिन आसपास के लोगों ने शोर मचा कर उन्हें उपर से कूंदने से रोक लिया। आसपास लोगों ने बताया कि उनकी पत्नी ने जेपी को नीचे गिरे देखा तो फ्लैट की बालकनी से कूंदने का प्रयास किया था।

