महाकुंभ से लौट रही पप्पू यादव की भांजी की सड़क दुर्घटना में मौत, फफक-फफक कर रो पड़े पूर्णिया सांसद

गाजीपुर. उत्तरप्रदेश के गाजीपुर सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में सांसद पप्पू यादव की भांजी भी शामिल है। अपनी भांजी की मौत पर बिहार के पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव फफक-फफक रो पड़े। मृतक भांजी का नाम डॉ. सोनी यादव है। सोनी अपनी बुआ और अन्य लोगों के साथ कार से महाकुंभ स्नान के लिये आई थी। लेकिन लौटते समय उनकी कार वाराणसी -गोरखपुर हाइवे पर गिट्टी से लदे एक ट्रक की चपेट में आ गयी। इस दुर्घटना में सोनी सहित 4 लोगों की मौत हो गयी।
दरअसल, अररिया जिले की डॉ. सोनी यादव अपनी बुआ एक असिटेंट, एक परिचित एमआर और ड्रायवर के साथ प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर वापिस बिहार जा रही थी। इस बीच गाजीपुर के बिरनो थाना के पास उनकी कार हाइवे पर खड़े ट्रक से टकरा गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कार में बैठे 4 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हादसे में डॉ सोनी यादव, ड्राइवर सलाउद्दीन, सोनी यादव की बुआ और एमआर अरविंद यादव की मौत हो गई। जबकि, डॉ सोनी यादव का सहायक विपिन शाह गंभीर रूप से घायल है, जिसका अभी इलाज चल रहा है. फिलहाल, शवों को मोर्चरी रखवा दिया है और अग्रिम कार्यवाही जारी है।
फूट-फूट कर रोए पप्पू यादव
भांजी की मौत की खबर मिलते ही पप्पू यादव भावुक हो गए। वह परिजनों के गले लगकर फूट-फूट कर रोने लगे। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मृतकों की डेड बॉडी को गाजीपुर से बिहार लाने का प्रबंध कर दिया है। ईश्वर इस दुखद घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करे।

