मंत्री से लेकर प्रशासन स्तर तक जिम्मेदारी तय होगी, सख्त मॉनीटरिंग का सिस्टम बनेगा- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह
भोपाल. शिवराज कैबिनेट की बैठक आज 11 बजे भोपाल के कोलार डेम के रेस्ट हाउस में हुई। बैठक का सिर्फ एक ही एजेंड़ा आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश रखा गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रियों के साथ इसके रोडमैप पर मंथर किया, बैठक की शुरूआत करते हुए सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर मप्र के रोडमैप में अधोसंरचना विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, अर्थव्यवस्था एवं रोजगार और सुशासन पर स्पष्ट रणनीति तैयार की गई है। इस रोडमैप के आधार पर मंत्री अपने विभागों की योजना तैयार कर क्रियान्वित कर रहे है। मंत्री एवं प्रशासन के हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और उसकी प्रत्येक स्तर पर सख्त मॉनिटरिंग होगी। लोक सेवा प्रबंधन विभाग रोडमैप क्रियान्वयन में समन्वय करेगा। अन्य सभी विभाग सक्रिय भागीदारी करेंगे।
इस बैठक में नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत भी जुड़े और उन्होंने कहा कि जब सभी राज्य सिर्फ कोरोना से ही लड़ रहे थे तब मप्र ने कोरोना से लोगों के बचाव के लिए अच्छे प्रबंध करते हुए प्रदेश के आर्थिक विकास के लिए यह रोडमैप तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
मंत्रालय के जानकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आत्मनिर्भर मप्र के रोडमैप के क्रियान्वयन को लेकर आज दिन भर मंत्रियों से वन-टू-वन बात की। इस दौरान मंत्रियों ने बताया कि उनका विभाग इस योजना को अगले तीन साल में कैसे पूरा करेगा इसके लिए आर्थिक संसाधन कैसे जुटाएंगे। मुख्य रूप से मुख्यमंत्री का फोकस रोजगार पर रहेगा। बैठक में मंत्रियों ने यह भी बताया कि उनके विभाग की आत्मनिर्भर मप्र के तहत कितने रोजगार सृजन करने की योजना है।

