‘बीटिंग द रिट्रीट’ में ब्रास बैंड ने दिया संयम, अनुशासन और एकरूपता का परिचय
राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में हुआ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन
भोपाल- मध्यप्रदेश में गणतंत्र दिवस समारोह का समापन बुधवार को “बीटिंग द रिट्रीट’’ के साथ हुआ। समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। जहांगीराबाद स्थित लाल परेड मैदान में यह समारोह हुआ। इस रंगारंग कार्यक्रम में पुलिस ब्रास बैंड के वादकों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से संयम, अनुशासन और एकरूपता का परिचय दिया ।
पुलिस ब्रास बैंड कॉन्सर्ट में मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुतियां
“बीटिंग द रिट्रीट’’ समारोह में सर्वप्रथम मुख्य अतिथि के आगमन पर पुलिस ब्रास बैंड ने धुन बजाकर उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि की अनुमति के बाद पुलिस ब्रास बैंड कॉन्सर्ट में देशभक्ति गीतों और फिल्मी गीतों की शानदार धुनें प्रस्तुत की गईं। निरीक्षक सुनील कटारे के नेतृत्व में “वंदेमातरम” से शुरू हुआ धुनों का यह कारवां ”ऐ वतन वतन मेरे, ”पुकारता चला हूं मैं”, ”ये शाम मस्तानी”, “तेरी मिट्टी”, “छूकर मेरे मन को”, “ये रात भीगी भीगी” और “यारी है इमान मेरा” गीतों की धुनों के साथ निरंतर आगे बढ़ता रहा।
दिल्ली और भोपाल में होता है समारोह
उल्लेखनीय है कि बीटिंग रिट्रीट” एक प्राचीन सैन्य परंपरा है यह उन दिनों से प्रचलन में है जब युद्ध में सैनिक सूर्यास्त के समय या उसके तुरंत बाद युद्ध करना बंद कर देते थे। जैसे ही बिगुलों से “रिट्रीट” की आवाज दी जाती थी लड़ रहे सैनिक अपने हथियार बंद कर युद्ध के मैदान से हट जाते थे, इसलिये रंग, मानक आवरण और झंडे “रिट्रीट” पर उतारे जाते हैं। समारोह में आज मार्शल संगीत का मिश्रण और एक बैंड कार्यक्रम शामिल है, जिसके बाद रिट्रीट की ध्वनि सुनाई देती है।

