फिर बढ़े सीएनजी के दाम, नई दरें शनिवार से लागू
नई दिल्ली. पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों से बेहाल जनता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।सीएनजी की कीमतों में दिल्ली में फिर से इजाफा हुआ है। नई कीमत शनिवार सुबह छह बजे से लागू होंगी। इसके चलते अब शनिवार से सीएनजी की 95 पैसे महंगी मिलेगी। अभी तक दिल्ली में सीएनजी के लिए 78.61 रुपये प्रति किलो के लिए चुकाने पड़ते, जबकि अब 79.56 रूपये प्रति किलो चुकाने होंगे। इससे पहले आठ अक्टूबर को सीएनजी के दाम में तीन रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई थी।
सीएनजी के दामों में इससे पहले भी बढ़ोतरी हो चुकी है, दिवाली से पहले ही लोगों को ये बड़ा झटका लगा था। उस समय IGL ने दामों से 3 रुपये की बढ़ोतरी की थी। वहीं, PNG के दामों में भी तब 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इससे पहले नंवबर माह में मुंबई में सरकारी नियंत्रण वाली गैस सप्लायर महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने एक बार फिर CNG और पाइप के जरिए सप्लाई वाली रसोई गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया था।
महानगर गैस लिमिटेड ने सीएनजी के दामों में 3.5 रुपये प्रति किलो और पीएनजी के दामों को 1.5 रुपये प्रति यूनिट बढ़ाने का फैसला किया है। 5 नवंबर से सीएनजी 89.5 रुपये प्रति किलो और पीएनजी 54 रुपये प्रति यूनिट हो गया। सीएनजी महंगा होने से जहां सफर करना महंगा हो गया, वहीं पीएनजी के महंगा होने से रसोई में खाना पकाने पर होने वाला खर्च बढ़ गया।

