पुलवामा में टहलते हुए आया आतंकी, RPF जवानों को नजदीक से मारी गोली,एक शहीद, दूसरा घायल
जम्मू कश्मीर. पुलवामा जिले के काकापोरा रेलवे स्टेशन के नजदीक सोमवार शाम करीब 6 बजे हुए आतंकी हमले में एक रेलवे सुरक्षाकर्मी शहीद हो गया जबकि दूसरा घायल हो गया। हमले का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक दहशतगर्द आराम से चलते हुए आरपीएफ पोस्ट पर मौजूद जवानों के करीब आता है और पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर भाग निकलता है।
आतंकी ने सुरक्षाकर्मियों को बेहद नजदीक से गोली मारी है। घायल सुरक्षाकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां सुरक्षाकर्मी एचसी सुरिंदर कुमार इलाज के दौरान शहीद हो गए जबकि दूसरे सुरक्षाकर्मी एएसआई देवराज कुमार का इलाज चल रहा है। ये दोनों जवान काकापोरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सम्पति की सुरक्षा में तैनात थे।
जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल ने आरपीएफ के जवानों पर हमले की वारदात की निंदा की है और कहा कि वे शहीद जवान की वीरता को सैल्यूट करते है साथ ही कहा कि इस कायरतापूर्ण हमले के दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा।

