पीओके को पुनः प्राप्त करने का संकल्प पीएम मोदी के नेतृत्व में जल्द पूरा होगा- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
नई दिल्ली. जम्मू कश्मीर से धारा 370 खत्म करने के बाद अब मोदी सरकार के एजेंडे में पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर को फिर से हासिल करना है। दिल्ली में पीओके के विस्थापितों को समर्पित (मीरपुर बालिदान दिवस) कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि जिस नेतृत्व के पास संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म करने की क्षमता और इच्छाशक्ति है वह पाकिस्तान के अवैध कब्जे से पीओके को फिर से हासिल करने की क्षमता रखता है।
मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय उपमहाद्वीप का विभाजन मानव जाति के इतिहास में सबसे बड़ी त्रासदी थी। जम्मू कश्मीर को तत्कालीन रियासत के एक हिस्से को खोने के रूप में दूसरी त्रासदी का सामना करना पड़ा जो पाकिस्तान के अवैध कब्जे में चला गया।
पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा होगा संकल्प
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि यह हमेशा माना जाता था कि अनुच्छेद 370 को कभी भी निरस्त नहीं किया जाएगा लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह संभव हुआ और इसी तरह पीओके को पुनः प्राप्त करने का संकल्प भी पूरा होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री सिंह ने कहा कि पीओके को फिर से हासिल करना न केवल एक राजनीतिक और राष्ट्रीय एजेंड़ा है बल्कि मानवाधिकारों के सम्मान की जिम्मेदारी भी है क्योंकि वहां हमारे भाई अमानवीय परिस्थितियों में रह रहे है और स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से उन्हें महरूम रखा गया है।

