पत्थरबाजों को रोकने देर रात 2 बजे सड़क पर आए एसपी अमित सांघी, आधा सैकड़ा संदेही वाहन चालक पकड़कर पहुंचाए थाने
ग्वालियर. शहर में रात के समय लगातार हो रही पत्थरबाजी की घटनाएं और कारों में तोड़फोड़ को रोकने के लिए एसपी ग्वालियर खुद सड़क पर उतर आए। देर रात एसपी ने 11 से 2 बजे के बीच सड़कों, चौराहों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक गश्त को चेक किया। जो पुलिसकर्मी अलर्ट नहीं मिल है उन्हें फटकार लगाई। इस दौरान आधा सैकड़ा से ज्यादा वाहन सवारों को संदेह या दस्तावेज नहीं मिलने पर थाना पहुंचा गया है। एसपी के सड़क पर उतरते ही रात को कां फोड़ने की कोई वारदात नहीं हुई है।
पॉश कॉलोनियों में वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाओं से लोग आक्रोशित थे
जानकारी के अनुसार बीते दो दिन में शहर की पॉश कॉलोनियों में घर के बाहर रखे 4 पहिया वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाओं से लोग आक्रोशित थे। कुछ व्यापारियों ने सीधे एसपी ग्वालियर अमित सांघी से शिकायत की तो कुछ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सवाल खड़े किए इसके बाद एसपी को खुद पूरा मोर्चा संभालना पड़ा। गुरूवार रात 10.25 बजे पुलिस कन्ट्रोल रूम से एसपी अमित सांघी के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों के महत्वपूर्ण चौराहों पर चेकिंग लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस जवान और अफसर अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचते उससे पहले ही कप्तान अपनी टीम के साथ शहर की सड़कों पर आ गए। एसपी के सड़क पर आते ही चेकिंग कर रहा अमला अलर्ट मोड में आ गया।
आधा सैकड़ा वाहन दस्तावेज नहीं होने पर थाना पहुंचाए गए
जिन वाहन चालकों के पास दस्तावेज नहीं मिले उनके वाहन बिना देर किए थाने पहुंचाए गए। जिन पर संदेह हुआ उनको पकड़कर पूछताछ की गई। रात 11 से 2 बजे के बीच आधा सैकड़ा वाहन दस्तावेज नहीं होने पर थाना पहुंचाए गए है। जहां पूरी पूछताछ और दस्तावेज आने के बाद चालान कर उन्हें छोड़ा गया।

