पति पर कट्टा अड़ाकर बदमाश प्राइवेट स्कूल की टीचर से लूट ले गए गहने
ग्वालियर. थाटीपुर सिद्धेश्वर नगर में आधी रात दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने एक प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका के पति पर कट्टा अड़ाकर उसके गहने लूट लिए हैं। इसके बाद बदमाश धमकाते हुए कमरे में बंद कर भाग गए। बदमाशों के भागने के बाद किसी तरह दंपति बाहर आया और पुलिस को सूचना दी। करीब 7 मिनट तक बदमाश घर में रहे थे। वो सात मिनट दहशत से भरे थे। पुलिस ने इस मामले में धमकाकर वसूली का मामला दर्ज किया है। पर घटना से साफ है कि लुटेरों के मंसूबे क्या थे। दंपति जरा भी विरोध करते तो वह हत्या करने से भी नहीं चूकते। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
कट्टा तानकर उतरवा ले गए गहने
शहर के थाटीपुर स्थित सिद्धेश्वर नगर निवासी 31 वर्षीय कीर्ति पत्नी संदीप शर्मा एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति प्राइवेट जॉब करते है । मंगलवार रात खाना खाने के बाद वह सो रहे थे। बुधवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच कीर्ति की आंख खुली तो उसने देखा कि दो बदमाश उनके पति को कंबल में बंद कर उन पर कट्टा ताने बिस्तर पर बैठे थे। वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही बदमाशों ने धमकी दी कि अगर मुंह से आवाज निकाली तो गोली मार देंगे। बदमाशों की धमकी से शिक्षिका डर गई। उसे लगा कि वह कुछ भी विरोध करेगी तो बदमाशा उसके पति को गोली मार सकते हैं। इसलिए वह चुप रही। बदमाशों ने दंपति को काबू में करने के बाद धमकी दी कि जो भी जेवर व अन्य माल है वह उतार कर दे दो नहीं तो गोली मार देंगे। धमकी से घबराई कीर्ति ने सोने का मंगल सूत्र, अंगूठी और कानों के टॉप्स उतारकर दे दिए। इसके बाद बदमाशों ने धमकी दी और कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर भाग गए। बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित दंपति से किसी तरह कुंडी खोली और बाहर आकर राहत की सांस ली। साथ ही पुलिस को मामले की सूचना दी।
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस ने घटना स्थल के आसपास और वहां से आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। साथ ही पीड़ित परिवार के बताए हुलिया के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।

